रूप की रानी श्रीदेवी ने दिया सदमा, दिल के दौरे से निधन

अपने शानदार अभिनय से सिनेमाप्रेमियों के दिलों पर राज करनेवाली बॉलिवुड अभिनेत्री श्रीदेवी हमारे बीच नहीं रहीं। श्रीदेवी दुबई में थीं जहां उनकी हृदय-गति रुक जाने (कार्डियक अरेस्ट) की वजह से उनका अचानक निधन हो गया। श्रीदेवी 55 वर्ष की थीं। उन्हें हिंदी फिल्मों की पहली फीमेल सुपरस्टार भी कहा जाता है। साल 2013 में उन्हें पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया था। 
उनके पति बॉनी कपूर के छोटे भाई और अभिनेता संजय कपूर ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि घटना रात 11-11.30 बजे की है। संजय कपूर ने इंडियनएक्सप्रेस ऑनलाइन को बताया कि वह भी दुबई में ही थे और थोड़ी देर पहले भारत लौटे ही थे कि यह खबर आ गई। अब वह फिर से दुबई जा रहे हैं। 
दरअसल, श्रीदेवी अपने पति बॉनी कपूर और छोटी बेटी खुशी के साथ मोहित मारवाह के शादी समारोह में शिरकत करने दुबई गई थीं। उनके निधन की खबर सुनकर लोग मुंबई में उनके घर के पास जमा हो रहे हैं। उनकी बड़ी बेटी जाह्नवी यहीं हैं। वह शूटिंग की व्यस्तताओं की वजह से परिवार के साथ दुबई नहीं जा सकी थीं। बहरहाल, सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने इशारों-इशारों में श्रीदेवी के निधन की बात बता दी। उन्होंने ट्वीट किया, 'न जाने क्यूों, एक अजीब सी घबराहट हो रही है।' 

हालांकि, थोड़ी देर बाद बॉलिवुड हस्तियों की ओर से श्रीदेवी को श्रद्धांजलि देने का सिलसिला भी शुरू हो गया। प्रियंका चोपड़ा ने ट्वीट किया है, 'मेरे पास कोई शब्द नहीं है। श्रीदेवी को प्यार करनेवाले हर व्यक्ति के प्रति संवेदना। एक काला दिन। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।' परिवार को ताकत दें।' 

Popular posts from this blog

सीबीएसई बोर्ड की 10वीं की परीक्षा रद्द, 12वीं की परीक्षा टाली गई

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप: न्यूज़ीलैंड की दमदार जीत, फ़ाइनल में भारत को 8 विकेट से हराया